हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस ज्वलंत मुद्दों पर गठबंधन सरकार को घेरेगी। विधायक आने वाले सत्र में चर्चा के लिए दर्जन भर प्रस्ताव देंगे। बुधवार को नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बॉन्ड पॉलिसी, बेरोजगारी, नशा, अपराध और बढ़ते कर्ज मुख्य मुद्दे रहेंगे।
पार्टी विधायक बॉन्ड पॉलिसी के खिलाफ जारी एमबीबीएस विद्यार्थियों के आंदोलन, प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, डीएपी और यूरिया की किल्लत, गन्ने के भाव में बढ़ोतरी, प्रदेश में बढ़ते नशे, कर्ज, बेरोजगारी, जलभराव, स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली, कौशल निगम के जरिए युवाओं का शोषण, प्रॉपर्टी आईडी, वायु प्रदूषण, जाट आरक्षण व किसान आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर चर्चा को लेकर स्थगन व ध्यानाकर्षण प्रस्ताव देंगे।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता के सामने समस्याओं का अंबार लगा है। उनके तमाम मुद्दों को कांग्रेस आने वाले विधानसभा सत्र में उठाएगी। विधायक दल की बैठक में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान विशेष तौर पर मौजूद रहे।
गोहिल ने तमाम विधायकों के साथ मुलाकात की। बतौर प्रभारी विधायकों के साथ यह उनकी पहली मीटिंग थी। बैठक में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए विधायकों की जिम्मेदारियां तय की गई। गोहिल ने कहा कि विधायक शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदेश स्तरीय और अपने क्षेत्र के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाएं।
हुड्डा ने कहा कि विपक्ष व प्रदेश की जनता तमाम महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का जवाब जानना चाहती है। मुद्दों के लिहाज से सत्र की अवधि बहुत कम है। कार्य सलाहकार समिति की बैठक में कांग्रेस की तरफ से सत्र की अवधि को बढ़ाने की मांग की जाएगी।