फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana Polls: सभी 90 हलकों के पैनल तैयार, अधिकांश MLA को टिकट देगी कांग्रेस, आज स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक संभव

Tue, 27 Aug 2024 06:08 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़

सार

उम्मीद है कि इस बार भी कांग्रेस मौजूदा विधायकों को नाराज नहीं करेगी, एंटी इंकम्बेंसी वाले कुछ विधायकों को छोड़कर अधिकतर मौजूदा विधायकों को टिकट मिल सकता है। पार्टी का मानना है कि अगर अधिक संख्या में विधायकों की टिकटें काटी गईं तो गुटबाजी और विवाद बढ़ सकता है।
विज्ञापन
हरियाणा विधानसभा चुनाव - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सभी 90 हलकों के लिए आए आवेदनों की छंटनी का काम पूरा करके पैनल तैयार कर लिए हैं। 25 से 30 सीटें ऐसी हैं, जिनके पैनल में केवल एक नाम रखा गया है, जबकि इतनी ही सीटें ऐसी हैं, जहां पर दो से तीन दावेदारों के नाम शामिल किए गए हैं।

विज्ञापन


उम्मीद है कि इस बार भी कांग्रेस मौजूदा विधायकों को नाराज नहीं करेगी, एंटी इंकम्बेंसी वाले कुछ विधायकों को छोड़कर अधिकतर मौजूदा विधायकों को टिकट मिल सकता है। पार्टी का मानना है कि अगर अधिक संख्या में विधायकों की टिकटें काटी गईं तो गुटबाजी और विवाद बढ़ सकता है, इसलिए पिछली बार की तरह मौजूदा विधायकों को टिकट देकर दोबारा चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है।

Trending Videos

पिछले दिनों दिल्ली में हुई हरियाणा चुनाव समिति की बैठक में आवेदनों की छंटनी करके पैनल बनाने का निर्णय लिया था। प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान को आवेदनों की छंटनी करके पैनल बनाने के लिए अधिकृत किया गया था। अब ये पैनल स्क्रीनिंग कमेटी पास भेजे जाएंगे। प्रदेश में कांग्रेस के पास 28 विधायक हैं। इनमें से पांच से छह विधायक ऐसे हैं, जिनकी हलकों में एंटी इंकम्बेंसी है और उनका विरोध हो रहा है। क्षेत्र में काम नहीं कराने और हलके के मुद्दों को प्रमुखता से नहीं उठाने के चलते लोगों में उनके प्रति नाराजगी है।

वहीं, लोकसभा चुनाव में भी मतदाताओं की नाराजगी के चलते यहां पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इसलिए इन विधायकों को छोड़कर शेष करीब 20 विधायकों को पहली सूची में टिकट मिलना संभव है। एंटी इंकम्बेंसी वाले हलकों में कांग्रेस पहले सर्वे कराएगी, इसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। कुछ स्थानों पर विधायकों के अलावा उनके परिवारजनों को भी टिकट दिया जा सकता है।

इन सीटों के पैनल में केवल एक नाम
गढ़ी-सांपला-किलोई, रोहतक, झज्जर, बादली, बहादुरगढ़, नूंह, फिरोजपुर-झिरका, पुन्हाना, एनआईटी, रादौर, नारायणगढ़, डबवाली, कालांवाली, लाडवा, बरोदा, असंध, कलानौर, उचाना कलां, होडल, गन्नौर, थानेसर, अंबाला कैंट, कैथल, पलवल, राई, महम, गुरुग्राम, सोहना, बड़खल, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पृथला, हथीन, बाढड़ा, लोहारू ऐसे विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां से केवल एक ही नाम पैनल में रखा गया है।
विज्ञापन

आज हो सकती है स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक
सोमवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होनी थी, लेकिन किसी कारणवश बैठक नहीं हो सकी। हालांकि, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने सोमवार को प्रदेश के पांचों सांसदों और पांचों हारे हुए लोकसभा प्रत्याशियों को एक-एक करके बुलाया और सभी से फीडबैक लिया। अपने-अपने हलकों में प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चा की गई। संभावना है कि पांचों हारे हुए लोकसभा प्रत्याशियों को विधानसभा चुनाव में उतारा जाएगा। अब मंगलवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें