फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: लोकसभा चुनावों में संगठन की कमी खली, विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन बनाने चली

विज्ञापन
विज्ञापन
-इसी सप्ताह संगठन को लेकर दिल्ली में होगी कांग्रेस की बड़ी बैठक
विज्ञापन

-तैयार सूची में बदलाव को लेकर अड़ा हुड्डा विरोधी धड़ा, प्रभारी तैयार नहीं

अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में अक्तूबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले हरियाणा कांग्रेस संगठन बनाने की तैयारी में है। संगठन की घोषणा को लेकर इसी सप्ताह कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल हरियाणा के नेताओं के साथ एक अहम बैठक करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि आगामी दस से 15 दिनों में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी जाएगी। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने खुद प्रेसवार्ता में इसकी पुष्टि की है।
दरअसल, हरियाणा में कांग्रेस का पिछले दस साल से संगठन नहीं है। इसी के चलते कांग्रेस 2014 के बाद से सत्ता से बेदखल है। अशोक तंवर, कुमारी सैलजा समेत चौधरी उदयभान कांग्रेस के तीसरे प्रदेेशाध्यक्ष हैं, लेकिन कोई भी संगठन खड़ा करने में कामयाब नहीं रहा। लोकसभा चुनावों से पहले भी कोशिश की गई थी, लेकिन गुटबाजी के चलते घोषणा नहीं हो पाई। लेकिन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशियों ने संगठन की कमी को जमीनी स्तर पर महसूस किया। पिछले दिनों दिल्ली में राहुल गांधी और खरगे के साथ हुई बैठक में हरियाणा के पांचों सांसदों और चार प्रत्याशियों ने इसकी पुरजोर मांग की कि विधानसभा के चुनावों से पहले संगठन खड़ा किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि कई गांवों, कस्बों और शहरों के बूथों पर कांग्रेस का कोई बस्ता पकड़ने वाला भी नहीं था, क्योंकि जिलाध्यक्ष और ब्लाॅक अध्यक्ष नहीं हैं। अगर संगठन होता तो लोकसभा चुनावों में और बेहतर परिणाम हो सकते थे। इस पर हाईकमान ने हरियाणा प्रभारी के भरोसे यह मामला छोड़ दिया था। क्योंकि पिछले छह माह पहले ही बावरिया खरगे को जिलाध्यक्षों की सूची सौंप चुके हैं और अब इसे जारी कराने को लेकर जोर लगा रहे हैं।
विज्ञापन

हुड्डा विरोधी खेमे के चलते अटकी सूची
जिलाध्यक्षों की सूची हुड्डा विरोधी खेमे के विरोध के चलते अटकी हुई है। सूत्रों का कहना है कि हरियाणा कांग्रेस की एक वरिष्ठ नेता की वजह से मामला फंसा हुआ है। वह अपने क्षेत्र में अपनी पसंद के नेताओं को तरजीह देना चाहती हैं। वहीं, प्रभारी बावरिया सूची में बदलाव के पक्ष में नहीं है। इसलिए अब केसी वेणुगोपाल संगठन को लेकर हरियाणा कांग्रेस की बड़ी बैठक बुलाने वाले हैं और उसमें सभी नेताओं को मनाने की कोशिश की जाएगी।

सैलजा हाईकमान के सामने कर सकती हैं शिकायत
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सिरसा सांसद कुमारी सैलजा द्वारा लगातार लोकसभा चुनाव में टिकट आवंटन पर सवाल उठाने पर बाबरिया ने कहा कुमारी सैलजा पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं, उनके बारे में तो मैं कुछ नहीं कह सकता। प्रदेश में टिकट वितरण कैसा रहा, यह प्रदेश की जनता ने बता दिया है। प्रदेश में लोकसभा की पांच सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। अगर सैलजा को मुझसे कोई दिक्कत है तो वह हाईकमान के सामने मामला रख सकती हैं।
विज्ञापन


सीएम का चेहरा विधायक तय करेंगे
भाजपा द्वारा सैनी को सीएम का चेहरा घोषित करने के सवाल पर बावरिया ने कहा कांग्रेस में ऐसी परंपरा नहीं है। कांग्रेस में हाईकमान, प्रदेशाध्यक्ष और विधायक सीएम को तय करते हैं। यह पार्टी की रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस में सीएम पद के कई दावेदारों को लेकर कहा कि कोई गुटबाजी नहीं है, लोकतंत्र है। सभी को अपनी बात कहने का हक है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें