चंडीगढ़। नगर निगम सदन की बैठक में कांग्रेस पार्षद गुरबख्श रावत ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद का बयान कि उन्होंने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं, महिलाओं का अपमान है। उनके लिए हम चूड़ियां लाए हैं। यह सुनते ही भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस विरोधी स्लोगन लिखी तख्तियां निकाल लीं। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला को सदन में न घुसने देने पर वह सदन के बाहर धरने पर बैठ गए। अरुण सूद ने यह बयान उस समय दिया था, जब कांग्रेसी उनके घर का घेराव करने गए थे। उन्होंने कहा था कांग्रेसियों की ऐसी हरकतों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं, इसका उन्हें जवाब दिया जाएगा।
मंगलवार को सदन की बैठक हंगामेदार रही। पारिवारिक रिश्तों से शुरू हुई लड़ाई एक-दूसरे से टकराव तक पहुंच गई। कांग्रेस पार्षदों ने विरोध स्वरूप भाजपा पार्षदों को काला कपड़ा और चूड़ियां दिखाईं तो वे कमल का फूल देने पहुंच गए। इस दौरान बबला ने अरुण सूद को 16 मार्च को फिर से घेराव की चुनौती दे दी। इस पर सूद ने कहा कि आकर दिखाएं अब।