अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा के बाद अब हरियाणा कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार घोषित करने वाली है। 18 मार्च को दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति और हरियाणा की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। बैठक में चर्चा के बाद पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की संभावना है। सबसे पहले, रोहतक, सोनीपत, हिसार, भिवानी महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम की सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। संभावना है कि रोहतक से हुड्डा परिवार, हिसार से बृजेंद्र सिंह, भिवानी से श्रुति चौधरी या राव दान सिंह और गुरुग्राम से कैप्टन अजय यादव को प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
फिल्म अभिनेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर को इस बार हरियाणा की किसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाए जाने की तैयारी है। कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि हाईकमान राज बब्बर को फरीदाबाद या गुरुग्राम से टिकट दे सकता है। करनाल से खुद प्रदेश के पूर्व सीएम मनोहर लाल प्रत्याशी हैं तो इसलिए कांग्रेस अपनी रणनीति बदल रही है। पहले कुलदीप शर्मा के बेटे चाणक्य शर्मा को टिकट देने की तैयारी थी, लेकिन यहां पर और मजबूत चेहरे को उतारने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस रोहतक से भाजपा सांसद अरविंद शर्मा के संपर्क में है। यदि किसी कारण से भाजपा ने रोहतक में मौजूदा सांसद डा. अरविंद शर्मा को टिकट नहीं दिया तो कांग्रेस उन्हें करनाल में मनोहर लाल के सामने उतार सकती है। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी की तीसरी बैठक में फाइनल पैनल तैयार किए हैं। प्रत्येक सीट पर एक से दो नाम का पैनल बनाया है। 18 मार्च को होने वाली बैठक के बाद लिस्ट जारी की जा सकती है।