राज्यपाल के अभिभाषण पर कांग्रेस विधायकों ने उठाया सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के बजट सत्र की शुरुआत पर दिए गए अभिभाषण पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए। पूर्व स्पीकर व कांग्रेस नेता रघुबीर कादियान ने कहा कि राज्यपाल ने सिर्फ सरकार का महिमामंडन किया है। जो कुछ दिखाया गया, वह धरातल में कुछ नहीं है। किसान और कर्मचारी अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका अभिभाषण ऐसा था कि खोदा पहाड़ निकली चुहिया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल राष्ट्रपति के प्रतिनिधि होते हैं और उनके मुंह से झूठ बुलवाकर सदन की गरिमा को तार-तार किया गया है। कांग्रेस के विधायक चिरंजीवी राव ने कहा, अगर कोई राज्यपाल के अभिभाषण को देखता है, तो ऐसा प्रतीत होता है कि ''राम राज्य'' है। वास्तविकता यह है कि अपराध और बेरोजगारी बढ़ रही है। कांग्रेस के कुलदीप वत्स ने कहा कि किसानों की दुर्दशा सबके सामने है। उन्होंने कहा, भाजपा किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती थी, लेकिन आज, किसान एमएसपी पर कानूनी गारंटी के लिए विरोध कर रहे हैं। जब वे अपनी मांग उठाते हैं तो उन पर आंसू गैस छोड़ी जा रही है। कांग्रेस विधायक मेवा सिंह ने कहा कि इस सरकार के लठ बजाने में कोई सानी नहीं है। अभिभाषण में किसान कल्याण की बात लिखी है, मगर किसान आंदोलन में 700 से ज्यादा किसानों ने जान दी।