पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। उसकी एक 'विकेट' उड़कर शिरोमणि अकाली दल के खाते में चली गई है। पूर्व कांग्रेस विधायक व पंजाब लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. सतवंत सिंह मोही शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में शामिल हो गए हैं।
इससे कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी ज्वाइन करने पर डॉ. मोही का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. मोही का शिअद में आना पार्टी की जनपक्षीय नीतियों पर मुहर है। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्थानीय निकाय चुनाव में लोगों ने स्पष्ट तौर पर विकास के नाम पर गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में मत डाला है।
विधानसभा, लोकसभा और अब स्थानीय निकाय चुनाव के परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस मुद्दाहीन, नेतृत्वहीन एवं दृष्टिकोण रहित पार्टी है, जिसका कोई भविष्य नहीं है।
डॉ. मोही ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों एवं आम लोगों से विचार-विमर्श कर अकाली दल में शामिल होने का फैसला लिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, पंजाब एग्रो फूड ग्रेन कार्पोरेशन के चेयरमैन दयाल सिंह कोलियांवाली और शगिंदरपाल सिंह उपस्थित थे।