चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की ओर से करवाई जा रही स्नातक व परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं वीरवार को संपन्न हो गई। पीयू ने 14 दिन में 1400 विषयों की परीक्षा कराकर रिकॉर्ड बनाया है। अब पीयू रिजल्ट जारी करने की तैयारी में जुटी है। मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है। स्नातक व परास्नातक के रेगुलर व प्राइवेट को मिलकर 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने इस ऑनलाइन परीक्षा में हिस्सा लिया।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. परविंदर सिंह ने बताया कि 17 सितंबर से परीक्षाएं शुरू हुई थीं जो शांतिपूर्ण तरीके से हुईं। इन परीक्षाओं के लिए 40 नोडल केंद्र बनाए गए थे। शिक्षकों, स्टाफ, कॉलेज के प्रिंसिपल व अन्य लोगों का पूरा सहयोग मिला और ऑनलाइन परीक्षाएं समय पर करवाई गईं। वीसी प्रो. राजकुमार ने भी पूरी व्यवस्था को देखा। लद्दाख के अलावा अन्य दूरस्थ केंद्रों के विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए उपरजिस्ट्रार रैंक के अधिकारी की तैनाती की गई थी। कहा कि तीन पालियों में परीक्षा हुई और विद्यार्थियों को ऑनलाइन पेपर भेजे गए। गूगल फार्म विकल्प के साथ भी पांच हजार विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि कॉपियों का मूल्यांकन चल रहा है। जल्द से जल्द विद्यार्थियों को रिजल्ट मुहैया कराया जाएगा।