अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में अनुसूचित जाति से संबंधित केसों को लेकर पुलिस लापरवाही बरत रही है। आलम ये है कि हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पास पहुंची शिकायतों में से 70 प्रतिशत पुलिस से संबंधित हैं। इनमें से 20 प्रतिशत शिकायतें अनुसूचित जाति के कर्मियों के शोषण से संबंधित हैं। आयोग के चेयरमैन प्रोफेसर रविंद्र बलियाला ने यह बात मानी। अनुसूचित जाति आयोग के गठन के बाद पिछले नौ महीने में 416 शिकायतें पहुंची हैं। इनमें से 100 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है, जिनमें 25 में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। एससी समाज की अधिकतर शिकायतें मारपीट और अधिकारों के हनन की हैं। इनमें एससी कर्मियों से जुड़ी शिकायतें भी हैं, जिनमें शिकायतकर्ता महिलाओं के उच्च स्तर के अधिकारियों के शोषण व उत्पीड़न के आरोप हैं। आयोग के चेयरमैन का कहना है कि पुलिस को एससी एक्ट के मामलों के त्वरित निपटान के निर्देश दिए हैं।