चंडीगढ़। शहर के वकील पंकज चांदगोठिया ने मंगलवार को नमो मोबाइल की शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि इस एप पर नरेंद्र मोदी की बतौर प्रधानमंत्री उपलब्धियां बताई जा रही हैं। हाल ही में उनके विदेश दौरों का भी इसमें जिक्र किया गया है। यह आचार संहिता का उल्लंघन है। इसलिए उन्होंने इसकी सी-विजिल मोबाइल एप पर शिकायत की। यह शिकायत उन्होंने सेक्टर-17 से की, जिसके बाद फ्लाइंग स्क्वायड टीम उनके पास पहुंची। उन्होंने नमो एप के कंटेंट को टीम को दिखाया और उन्होंने भी माना कि यह आचार संहिता का उल्लंघन है और इसे हटाया जाना चाहिए। चांदगोठिया ने बताया कि नमो एप से उल्लंघन करने वाले कंटेंट को हटाने की उन्होंने मांग की है। टीम ने शिकायतकर्ता को बताया है कि यह उनके स्तर पर नहीं हो सकता, इसलिए इस केस को आगे भेजा गया है। बता दें कि विकसित भारत को लेकर शहर के कई लोगों के मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज आया था। इसकी शिकायत भी पंकज ने की थी। चंडीगढ़ के रिटर्निंग ऑफिसर विनय प्रताप सिंह ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना था और उचित कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को भेजा है।