सेक्टर-40 के नए बने सामुदायिक केंद्र का शुक्रवार को नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था ने उद्घाटन किया
- फोटो : amarujala
नए बने कम्युनिटी सेंटर के उद्घाटन पर वार्ड पार्षद गुरबख्श रावत का जन्मदिन भी मनाया गया। सेक्टर-40 के नए बने सामुदायिक केंद्र का शुक्रवार को नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था ने उद्घाटन किया। समारोह में कमिश्नर सेक्टर-9 में आयोजित एक बैठक में भाग लेने के कारण करीब एक घंटा देरी से पहुंचे। इस मौके पर लोगों ने वार्ड पार्षद से केक कटवाकर उन्हें जन्मदिन की मुबारके दी। इस मौके पर कमिश्नर ने लोगों को कहा कि नगर निगम जल्द ही सिटीजन चार्टर लागू करने जा रहा है जिससे हर काम की समय सीमा तय होगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर को मलबा फ्री बनाने का अभियान शुरू किया जा रहा है जिसकी शुरूवात सेक्टर-40 से ही की जाएगी। मालूम हो कि यह इस साल का पहला उद्घाटन था। निमंत्रण कार्ड में मेयर का नाम प्रिंट न होने से वह भी नहीं आए जबकि भाजपा का कोई पार्षद इस समारोह में भाग लेने के लिए नहीं आए जबकि अकाली दल के अध्यक्ष जगजीत सिंह कंग और उनकी पार्टी के पार्षद एवं डिप्टी मेयर हरदीप सिंह ने भाग लिया जबकि कांग्रेस में से पूर्व मेयर पूनम शर्मा को छोड़कर बाकी सभी पार्षदों ने भाग लिया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, पूर्व मेयर सुभाष चावला और पूर्व मेयर हरफूल चंद कल्याण ने भी भाग लिया।
डिस्पेंसरी के निर्माण पर राजनीति नहीं होनी चाहिए
इस मौके पर यहां की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सीनियर पदाधिकारी वीएन शर्मा ने कहा कि डिस्पेंसरी का निर्माण करने का प्रस्ताव काफी मेहनत से वार्ड पार्षद ने तैयार करवाया था ऐसे में डिस्पेंसरी के निर्माण करने के प्रस्ताव पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को उम्मीद है कि यह प्रस्ताव अगले माह होने वाली सदन की बैठक में पास हो जाएगा। मालूम हो कि 30 मार्च को होने वाली सदन की बैठक में भाजपा ने यहां पर डिस्पेंसरी का निर्माण का प्रस्ताव पास नहीं होने दिया जिस कारण कांग्रेस के पार्षद नाराज है।