चंडीगढ़ के 45 कम्युनिटी सेंटरों में शादी विवाह या अन्य कार्यक्रम आयोजित करना तीन गुना महंगा होने जा रहा है। नगर निगम की कम्युनिटी सेंटरों के लिए बनी कमेटी ने बुधवार को बैठक कर शहर के लोगों पर यह बोझ डाल दिया है। इतना ही नहीं पहली बार बुकिंग के समय भारी सिक्योरिटी अमाउंट भी लिया जाएगा। कमेटी की बैठक में यह प्रस्ताव पास किया गया है। इसकी अंतिम मुहर नगर निगम सदन की 30 अक्तूबर को होनेवाली बैठक में लगेगी।
यहां तक कि कमेटी ने यह भी तय किया है कि आयोजक को समारोह के लिए बिजली का इंतजाम भी खुद करना होगा। उसे कम्युनिटी सेंटर की बिजली नहीं मिलेगी। इसके लिए प्रदूषण और आवाज मुक्त जनरेटर सेट भी स्वयं ही लाना होगा। सफाई के लिए अलग से एक हजार रुपये देने होंगे। पहले सफाई के लिए पांच सौ रुपये देने पड़ते थे। जिन कम्युनिटी सेंटर में जिम बने हैं, उनके लिए सदस्यों को तीन महीने के लिए पांच सौ रुपये और नॉन मेंबरों के लिए तीन महीने के लिए डेढ़ हजार रुपये देने होंगे।
पहली बार साइज और सुविधा के अनुसार कम्युनिटी सेंटरों को चार कैटेगरी में बांटा गया है। नए बने अधिकतर कम्युनिटी सेंटरों को ए कैटेगरी में रखा गया है। कम्युनिटी सेंटरों की बुकिंग की सुविधा ई संपर्क सेंटरों में है। वर्तमान में एसी के रेट 10 हजार रुपये और नॉन एसी के रेट पांच हजार रुपये हैं।
कमेटी ने रेट बढ़ाने के लिए अपनी रिपोर्ट दे दी है। सुविधा के अनुसार अलग अलग रेट तय किया गया है। अंतिम फैसला नगर निगम सदन की बैठक में होगा।
- अरुण सूद, चेयरमैन, नगर निगम की कम्युनिटी सेंटरों की कमेटी।
यह हैं तय हुआ है कम्युनिटी सेंटरों के रेट
कैटैगरी-------अर्बन----------रुरल
ए-----------30000--------15000
बी----------20000--------10000
सी----------10000---------5000
डी-----------5000----------3000 रुपये में
सिक्योरिटी जो बुकिंग के समय लिया जाएगा...
कैटेगरी--------अर्बन-------रुरल
ए-----------15000------7000
बी-----------10000------5000
सी-----------5000-------3000 रुपये में
कम्युनिटी सेंटरों की कैटेगरी...
ए केटैगरी में सेक्टर-15, 19, 22, 23, 37, 38, 40, 47, 48, 49, गांव कजहेड़ी सेक्टर-52 ए, 38 वेस्ट ए, 50 और सेक्टर-43 ए के कम्युनिटी सेंटर को शामिल किया गया है।
बी कैटेगरी में सेक्टर-8, 11, 16, 18, 20, 21, 27, 28, 33, 35, 42, 44, 46, पॉकेट नंबर सात मनीमाजरा, डुप्लेक्स मनीमाजरा, डड्डूमाजरा कालोनी, धनास, रामदरबार, विकास नगर मौली जागरां, गांव मलोया, इंदिरा कालोनी मनीमाजरा, बापूधाम सेक्टर-26 और गांव पलसोरा सेक्टर-56 के कम्युनिटी सेंटर को शामिल किया गया है।
सी कैटेगरी में सेक्टर-29, 30, 39, 41 और मौलीजागरां के कम्युनिटी सेंटर को शामिल किया गया है। डी कैटेगरी में मलोया चंडीगढ़ और हरिजन धर्मशाला चंडीगढ़ को शामिल किया गया है।
इनके लिए होगी फ्री बुकिंग...
मेडिकल कैंप या रक्तदान शिविर, रेजिडेंटस वेलफेयर एसोसिएशन, सीनियर सिटीजन एसोसिएशन, पेंशनर्स एसोसिएशन, क्रिया या भोग की फ्री बुकिंग होगी। पार्षदों को पब्लिक मीटिंग के लिए भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। जंज घरों की रूम एक दिन की बुकिंग के लिए एक एसी कमरा के लिए 800 और नॉन एसी के लिए पांच सै रुपये देने होंगे। एसी डोरमेटरी के लिए 1600 और नॉन एसी के लिए एक हजार रुपये लगेंगे।
रुरल एरिया में एसी डोरमेटरी के लिए आठ सौ रुपये और नॉन एसी के लिए पांच सौ रुपये अदा करना होगा। गरीब कन्याओं केलिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। खास बात यह है कि यदि आयोजक कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग दो महीना पहले रद कराना चाहते हैं तो उन्हें राशि का 50 प्रतिशत ही मिलेगा। एक महीना पहले रद कराने पर 25 प्रतिशत और 15 दिन पहले बुकिंग रद कराने पर बुकिंग अमाउंट का 10 प्रतिशत राशि ही वापस मिलेगी।