चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के पीजी कोर्स में दाखिले के लिए रविवार को कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) का आयोजन हुआ। परीक्षा के लिए पीयू ने कुल सात केंद्र बनाए थे। चंडीगढ़ में चार और होशियारपुर, लुधियाना और श्री मुक्तसर साहिब में एक-एक केंद्र बनाया गया था। प्रवेश परीक्षा में कुल 87.26 फीसदी (4614 में से 4026) अभ्यर्थी उपस्थित हुए। नियमित जांच और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर उड़न दस्ते और पर्यवेक्षक भेजे गए थे। पीयू की तरफ से बताया गया कि परीक्षा संतोषजनक ढंग से आयोजित की गई और किसी भी परीक्षा केंद्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।