लोग, पहले कहते थे पंजाबी इंडस्ट्री का कोई भविष्य नहीं हैं। वे पंजाबी को छोड़ कर हिंदी फिल्में देखते थे। लेकिन आज का दौर बदल गया है। लोग अब बॉलीवुड फिल्में छोड़ कर पंजाबी फिल्में देख रहे हैं। यह देखकर अच्छा लगता है। मैं इस सुनहरे पंजाबी इंडस्ट्री के दौर का गवाह हूं। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की सफलता पर यह खुशी मशहूर पंजाबी कामेडियन व अभिनेता गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने सोमवार को जाहिर की।
वे शहर में अपनी आगामी पंजाबी फिल्म ‘बारात बंदी’ के पोस्टर लांच पर पहुंचे। इस मौके पर फिल्म की अन्य स्टार कास्ट शैरी मान, हॉबी धालीवाल, गिन्नी कपूर, अमन हुंदल और निर्देशक रवि शर्मा मौजूद रहे। इस फिल्म की शूटिंग जल्द चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना सहित पंजाब की अन्य जगहों पर होगी। ड्रीम वर्क प्रोडक्शन व स्टार एंटरटेनर के बैनर तले बन रही यह फिल्म 29 मार्च को रिलीज होगी। फिल्म को पाकिस्तान के मशहूर लेखक बदर खान ने लिखा है। वहीं डायलॉग सुरिंदर अंगुराल और नवीं सिद्धू ने लिखे हैं।
पहले हमारी फिल्मों को निर्माता नहीं मिलते थे, फाइनेंसर हुआ करते थे
अभिनेता ने बताया कि पहले पंजाबी फिल्मों में निर्माता पैसे लगाने को तैयार नहीं थे। बड़ी मुश्किल से निर्देशकों को फाइनेंसर मिलते थे। लेकिन आज पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में पैसे लगाने को निर्माता की लाइन सी लग गई है। उन्होंने बताया कि आज पंजाबी फिल्मों के सामने बॉलीवुड की फिल्मों को लोग इतना देखना पसंद नहीं कर रहे हैं।
‘बारात बंदी’ होगी नोटबंदी से भी ज्यादा हिट
गायक शैरी मान और कामेडियन गुरप्रीत घुग्गी दोनों ही सितारों ने कहा कि यह फिल्म नोटबंदी से भी ज्यादा हिट होगी। फिल्म की कहानी को लेकर सभी सितारे काफी उत्साहित नजर आए। अभिनेता ने बताया कि फिल्म का टाइटल भी रोचक होगा। दरअसल, यह टाइटल पहले जमाने में पंजाब के बारातियों पर आधारित है।