सोमवार को पंजाब में कोरोना संक्रमण से सात लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 5509 पहुंच गई है। वहीं, 140 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 170729 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 4249101 पहुंच गई है। पॉजिटिव मरीजों की संख्या 170729 दर्ज की गई है। 162762 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 57 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 11 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, 15 से प्लेसमेंट सेल की शुरुआत
पंजाब के युवाओं को जल्द रोजगार मिलेगा। 15 फरवरी से विदेशी स्टडी और प्लेसमेंट सेल की शुरुआत होगी। इस सेल की स्थापना विदेश में पढ़ाई और नौकरी के लिए जाने के इच्छुक नौजवानों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए राज्य सरकार की तरफ से ‘पंजाब घर-घर रोजगार और कारोबार मिशन’ अधीन की गई है।
इसकी शुरुआत मोहाली से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की जाएगी। इस सेल में नौजवानों को काउंसलिंग के बाद स्टडी वीजा और वर्क वीजा लेने के लिए सरकार की तरफ से मुफ्त सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इस मकसद के लिए जरूरी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और भारत सरकार से मंजूरी भी मिल गई है।
अब इसके अगले पड़ाव के अंतर्गत विदेशी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के साथ पंजाबी नौजवानों को स्टडी वीजा की सहायता के लिए बातचीत चल रही है। यह सेल अधिक से अधिक पंजाबी नौजवानों को उनकी योग्यता और रुचि के आधार पर स्टडी वीजा और वर्क वीजा सेवाएं मुहैया करवाने के लिए काफी मददगार साबित होगा।