चंडीगढ़ के 14 सरकारी और निजी मान्यता प्राप्त कॉलेजों में सेवाएं दे रहे लगभग 600 शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने नियमित असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर के एक जनवरी 2016 से लंबित एरियर को मंजूरी दे दी है। यह राशि अक्तूबर के वेतन में जुड़कर आएगी। एरियर की राशि 9 से 25 लाख रुपये होगी।
शिक्षा सचिव पूर्वा गर्ग ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी की है। वहीं, कॉलेजों को निर्देश की कॉपी सोमवार तक भेजी जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से अभी अस्सिटेंट और एसोसिएट प्रोफेसर के ही एरियर जारी किए गए हैं। वहीं, प्रोफेसर के एरियर पर अभी रोक लगी हुई है। हालांकि, इसकी अधिसूचना भी जल्द जारी कर दी जाएगी। इसमें डेपुटेशन के शिक्षकों को भी शामिल किया जाएगा। कॉलेज शिक्षकों का यूजीसी के निर्देश के अनुसार पे कमीशन तो लागू कर दिया गया था, लेकिन एरियर लंबित थे। शिक्षा विभाग की अधिसूचना के बाद कॉलेज शिक्षकों ने विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। कॉलेज शिक्षकों ने लंबित एरियर के लिए पिछले महीनों में लगातार प्रदर्शन किए थे।
यह भी पढ़ें: फैंसी नंबरों का शौक: चंडीगढ़ियों ने CH-01 सी के नंबरों पर खर्च दिए 24.25 करोड़, आरएलए के आंकड़ों का खुलासा
शिक्षकों मिलेगा इतनी राशि का फायदा
असिस्टेंट प्रोफेसर - 9 से 13 लाख
एसोसिएट प्रोफेसर - 20 से 25 लाख
सेल्फ फाइनेंस कोर्स के स्टाफ को मिलना चाहिए सातवां पे कमीशन
शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेजों के शिक्षकों के लंबित एरियर जारी करने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। शिक्षा विभाग को एडेड कॉलेजों की मैनेजमेंट को सेल्फ फाइनेंस कोर्स के स्टाफ का भी सातवां पे कमीशन लागू करने और इसी तर्ज पर एरियर जारी करने का भी निर्देश देना चाहिए।
-डॉ. आईएस सिद्धू, सीनेटर, खालसा कॉलेज
शिक्षकों का संघर्ष रंग लाया
चंडीगढ़ में कॉलेज शिक्षकों की लंबे समय से एरियर की लंबित मांग थी। इसे लेकर शिक्षकों ने लंबा संघर्ष किया है। शिक्षक चंडीगढ़ प्रशासन के आभारी हैं कि एक जनवरी 2016 से लंबित बकाया एरियर जारी करने का आदेश जारी किया। इससे क्षेत्र के लगभग 600 कॉलेज शिक्षकों को सीधा लाभ होगा।
-डॉ. मनोज कुमार, पीजीजीसी-11
गैर शैक्षणिक कर्मचारियों का वेतनमान लागू करना चाहिए
कॉलेज के शिक्षकों में लंबे समय से एरियर की मांग की अधिसूचना जारी होने से खुशी है लेकिन गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों पर चिंता की छाया अभी भी मंडरा रही है, क्योंकि उनके संशोधित वेतनमान का कार्यान्वयन नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग गैर शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए भी छठा वेतनमान जल्द लागू करे।
-डॉ. सुमित गोकलानी, डीएवी कॉलेज - 10
लंबे समय से मांग चली आ रही मांग हुई पूरी
जनवरी 2016 से लंबित सरकारी और निजी कॉलेजों दोनों के बकाया वेतन के पूर्ण और अंतिम भुगतान के लिए शिक्षा विभाग का शिक्षकों की तरफ से आभार व्यक्त करते हैं। कॉलेजों के शिक्षक एरियर के भुगतान के लिए लंबे समय से मांग कर रहे थे।
- डॉ. पूर्णेन्दु रंजन, पीजीजीसीजी-42