चंडीगढ़। सेक्टर-11 के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज के 56 विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बद्दी में निजी कंपनी का दौरा किया। औद्योगिक शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. रमा अरोड़ा और निजी कंपनी के निदेशक गौतम मधोक ने हस्ताक्षर किए। यह सहयोग मास्टर ऑफ केमिस्ट्री के छात्रों को इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण और औद्योगिक दौरे करने के अवसर प्रदान करेगा। इससे छात्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और रोजगार कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज और हेल्थ केयर छात्रों को फार्मा क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान करने में सहायता मिलेगी। पूरे कार्यक्रम का समन्वय कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. राजेंद्र स्वैन ने किया।