चंडीगढ़। शहर में सर्दी की एक बार फिर वापसी हो गई है। मंगलवार को पूरे दिन शहर में सर्द हवाएं चलती रहीं, जिसकी वजह से ठिठुरन रही। मौसम में आए बदलाव की वजह से शहर का अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गए। कई दिनों के बाद अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम दर्ज किया गया। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 12.1 डिग्री की अंतर रहा। इसकी वजह से रविवार से शहर में ठंड बढ़ी हुई है। आने वाले कुछ दिनों में सर्दी जारी रहेगी, लेकिन धीरे-धीरे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम केंद्र के अनुसार 5 मार्च की देर रात को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसकी वजह से फिर से शहर में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है। शहर में बुधवार को हल्के बादल छाने का पूर्वानुमान है, लेकिन इसके बाद मौसम साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस किया जा सकता है। बता दें कि शहर में एक मार्च से लेकर मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक 21.5 एमएम बारिश हुई है जो सामान्य से सात गुना ज्यादा बारिश है।
अगले पांच दिनों का तापमान
तारीख- अधिकतम तापमान- न्यूनतम तापमान
6 मार्च - 22 - 9
7 मार्च - 23 - 9
8 मार्च - 24 - 10
9 मार्च - 24 - 10
10 मार्च - 25 - 11