चंडीगढ़। तापमान में लगातार गिरावट जारी है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे आ गया है। वीरवार रात का तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान है। अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि तापमान में गिरावट जारी रहेगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि इस समय उत्तर पश्चिम हवाएं चल रही है। इससे दिन व रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग की ओर से यह भी बताया गया है कि अगले दो दिन शीत लहर चल सकती है। 25 व 26 नवंबर को भी एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इससे पहाड़ों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान नौ से 11 डिग्री के बीच रिकार्ड किए जाने की संभावना है।