चंडीगढ़। सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में चंडीगढ़ और पुडूचेरी के बीच खेला जा रहा कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी का मैच पूरी तरह बारिश की भेंट चढ़ गया। इसके चलते बुधवार को आखिरी दिन मुकाबला ड्रा के रूप में संपन्न हुआ। इस ड्रा से चंडीगढ़ और पुडूचेरी दोनों टीमों में एक-एक अंक प्राप्त हुआ। पहले ही दिन पुडुचेरी 156 रनों पर ढ़ेर हो गई थी। इसके जवाब में पहली पारी में चंडीगढ़ 2 विकेट खोकर 58 रन बना चुका था। इसके बाद अगले 3 दिन लगातार बारिश चतली रही और मुकाबला ड्रा रहा।
वर्तमान में 4 मैचों में 2 जीत और 2 ड्रा के साथ चंडीगढ़ 16 अंक प्राप्त कर प्लेट ग्रुप में तीसरे स्थान पर काबिज है। वहीं अब तक सभी 4 मैच जीतकर ओडिशा शीर्ष पर है। 18 अंकों के साथ पुडुचेरी दूसरे स्थान पर है। चंडीगढ़ की टीम अब विशाखापट्टनम रवाना होगी जहां 13 जनवरी को उनका मुकाबला मिजोरम की टीम के साथ है।