चंडीगढ़। खेल दिवस पर शनिवार को एक कोच सहित तीन खिलाड़ियों को अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें बॉक्सिंग कोच शिव, खिलाड़ी मंजीत सिंह, मनीष कौशिक और संदेश झिंगन शामिल हैं। पुरस्कार सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय में दिए जाएंगे। साथ ही पंजाब यूनिवर्सिटी को लगातार दूसरी बार मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ट्रॉफी मिलने जा रही है।
कोरोना महामारी के चलते पहली बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह की सेरेमनी वर्चुअल होगी। हाल ही में खेल मंत्रालय की ओर से बॉक्सिंग कोच शिव को द्रोणाचार्य अवॉर्ड, रोवर मंजीत सिंह को ध्यानचंद अवॉर्ड, मुक्केबाज मनीष कौशिक को अर्जुन अवॉर्ड और फुटबॉल खिलाड़ी संदेश झिंगन को अर्जुन अवॉर्ड देना तय किया गया था।
मंजीत सिंह हैदराबाद और मनीष सिंह पुणे में लेंगे अवार्ड
सम्मान सेरेमनी यूटी सचिवालय की नेशनल इंफोर्मेशन सेंटर में होगी। यहां पर शहर और अन्य शहरों के 10 खिलाड़ियों को अवार्ड मिलेंगे। सिटी के रोवर मंजीत सिंह और मुक्केबाज मनीष कौशिक इस सेरेमनी में शामिल नहीं होंगे। मंजीत सिंह हैदराबाद में आर्मी में सूबेदार हैं। वह हैदराबाद में ही सम्मान को लेंगे। वहीं मुक्केबाज मनीष कौशिक इस समय पूणे के आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग ले रहे हैं। इस वजह से वह पुणे में ही अवार्ड लेंगे।
खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट.. रिहर्सल भी हुई
अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं। यह खिलाड़ी शहर के होटल में ठहराए गए थे। वीरवार को इन खिलाड़ियों की अवार्ड सेरेमनी से पहले दो से तीन घंटे की रिहर्सल भी करवाई गई।
मास्क पर लिखा है- ‘खेलो इंडिया’
अवॉर्ड लेने वाले सभी खिलाड़ी मास्क पहनकर आएंगे। नीले रंग के मॉस्क पर खेलो इंडिया लिखा होगा।