अभी तक 59,708 कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं
चंडीगढ़। सीएम नायब सिंह शुक्रवार को करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हैप्पी कार्ड के राज्यव्यापी वितरण की आधिकारिक शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित करेंगे। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 7 अन्य जिलों कैथल, हिसार, जींद, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी और कुरुक्षेत्र के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे। परिवहन विभाग का लक्ष्य सात जून को ही एक लाख हैप्पी कार्ड वितरित करना है और बाकी 15 दिनों के भीतर वितरित करना है। आज से शुरू होने वाले नए पंजीकृत परिवारों को 15 दिनों के भीतर उनके कार्ड मिल जाएंगे। अब तक 59,708 कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। गत 7 मार्च, 2024 को शुरू की गई इस योजना से गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में हर साल 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ मिल रहा है। इस योजना के तहत 22.89 लाख परिवारों ( करीब 84 लाख लोगों) को मुफ्त यात्रा का लाभ मिल रहा है।