सोशल मीडिया पर हुड्डा की पोस्ट पर सीएम नायब सैनी ने दिया जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा की ओर से दिया गया नारा म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के तंज पर सीएम नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर करारा जवाब दिया। दरअसल हुड्डा ने 22 जुलाई को सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि भाजपा का म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा नारा का असल मतलब म्हारा हरियाणा-फुल स्टॉप हरियाणा है। यानी हरियाणा के विकास की गति रुक गई है, क्योंकि हर चीज पर फुल स्टॉप लग गया है। इस पर पलटवार करते हुए बुधवार को सीएम नायब सिंह ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा जी आज का म्हारा हरियाणा नॉन स्टॉप हरियाणा है। फुलस्टॉप लगा है कांग्रेस द्वारा पोषित गुंडागर्दी और दबंगई पर, दलितों-पिछड़ों पर हो रहे अत्याचार पर, सरकारी नौकरियों की नीलामी पर, मासूम किसानों की जमीनों के कब्जाें पर, कांग्रेस के दहशत के दौर पर। फुलस्टॉप लगा है तो सिर्फ आपकी राजनीति पर। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति बढ़ गई है। एक-दूसरे के कार्यकाल का हिसाब मांगा जा रहा है। इस वजह से सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया जा रहा है।