हुड्डा बोले- अवमानना का केस दायर करे सरकार
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि सतलुज-यमुना लिंक नहर को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहले ही हरियाणा के हक में अंतिम फैसला दे चुका है। प्रदेश सरकार को देश की सर्वोच्च अदालत के आदेश की अवमानना का केस दाखिल करना चाहिए। हरियाणा अपने हक के पानी की एक बूंद भी नहीं छोड़ेगा।
अब मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक का कोई मतलब नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने पहले ही हरियाणा के हक का पानी देने के लिए फैसला दे दिया है। हुड्डा ने कहा कि केंद्र और पंजाब सरकार फैसले का अनुपालन कराए। हरियाणा सरकार इसके लिए प्रयत्न करे। सरकार ने कभी प्रदेश को पानी दिलवाने की दिशा में ठोस कदम आगे नहीं बढ़ाया।
अब पंजाब सरकार के खिलाफ अवमानना का मामला सुप्रीम कोर्ट में चलाना चाहिए। भाजपा सरकार सच में हरियाणा को पानी दिलवाने को लेकर गंभीर होती तो अब तक प्रदेश को एसवाईएल का पानी मिल चुका होता। मौजूदा सरकार ने 8 साल से सत्ता में होने के बावजूद कभी पानी लेने की गंभीर कोशिश नहीं की। जिम्मेदारी निभाने के बजाय भाजपा सिर्फ राजनीतिक ड्रामा कर रही है। कांग्रेस सरकार ने हांसी-बुटाना नहर बनाई थी लेकिन वर्तमान सरकार ने उसमें पानी लाने का कोई प्रयास नहीं किया। दादूपुर नलवी नहर उलटा पाट दी गई।