चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दूसरी बार मुलाकात करेंगे। सितंबर में हुई पहली बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम दिल्ली रवाना हो गए। उनकी शाह से मुलाकात शनिवार को दोपहर करीब बारह बजे तय है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री मान पंजाब के अहम मामलों पर चर्चा करेंगे। इनमें प्रमुख हैं जीएसटी और आरडीएफ का बकाया, आपदाग्रस्त क्षेत्रों के लिए विशेष पैकेज, और सूबे में आई भीषण बाढ़ के बाद केंद्र से सहायता। पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों की रिपोर्ट अमित शाह को सौंपते हुए तत्काल मदद की मांग की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ राहत के लिए 1,600 करोड़ रुपये जारी किए थे, जिसे केंद्र ने केवल टोकन राशि बताया था और नुकसान की भरपाई के लिए अतिरिक्त सहायता देने का आश्वासन दिया था। अमित शाह ने भी पंजाब के लोगों के साथ खड़े रहने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया था। ब्यूरो