दस साल बाद पंजाब में आई कांग्रेस सरकार एक्शन के मूड में दिख रही है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में जमीनी हकीकत को भंपाने के लिए बीस मार्च को अहम बैठक बुलाई है। जिसमें कैप्टन अमरिंदर सिंह सबसे पहले राज्य के जमीनी हालातों का जायजा लेंगे। इसमें बुनियादी ढांचे से लेकर सरकारी स्कीमों की स्थिति शामिल है। उसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
कैप्टन की प्रधानगी में 20 मार्च को पंजाब भवन में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इसमें डीजीपी, सभी डिप्टी कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर और एसएसपी शामिल होंगे। सभी अधिकारियों को एजेंडे पर अपना फीडबैक लाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान सबसे पहले गेहूं की खरीद के इंतजामों का जायजा लिया जाएगा। अधिकारिक तौर पर गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। कैप्टन के पिछले कार्यकाल 2002-07 के दौरान अनाज की खरीद में किसानों को कोई परेशानी नहीं आई थी। जबकि, अकाली-भाजपा कार्यकाल में किसान अक्सर परेशान रहे। इसलिए सीएम सबसे पहले गेहूं खरीद के इंतजाम सुनिश्चित करना चाहते हैं।