पंचकूला। एमडीसी स्थित पुलिस कमिश्नर ऑफिस में क्लर्क ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश की। फिलहाल क्लर्क को सेक्टर-6 से नागरिक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती किया गया है। उसकी हालत अभी स्थिर है। घायल की पहचान नवीन कुमार निवासी भैंसा टिब्बा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रोहतक का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, नवीन पुलिस कमिश्नर ऑफिस में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसके सहकर्मी को पता चला। वह तुरंत उसे उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद नवीन को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया। फिलहाल नवीन की हालत स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह अपने घर रोहतक से वापस पंचकूला आया था।