चंडीगढ़। सेक्टर-25 स्थित निस्तारण प्लांट से कचरा हटाने के लिए खेर कंस्ट्रक्शन को टेंडर देने पर वित्त एवं अनुबंध कमेटी ने स्वीकृति दे दी है। कमेटी से स्वीकृति मिलने पर प्लांट में पड़े 18 हजार टन कचरे को हटाने का काम जल्द शुरू होगा। इस काम में 48 लाख रुपये खर्च होंगे।
नगर निगम में शुक्रवार को महापौर राजबाला मलिक की अध्यक्षता में वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक हुई। इस दौरान 16 एजेंडों पर चर्चा हुई। कमेटी ने सभी एजेंडों पर सहमति दे दी। 31.71 लाख की लागत से मलोया गांव स्थित गलियों में 80 एमएम मोटे पेबर ब्लॉक लगाने पर कमेटी ने अपनी सहमति दी। कमेटी ने मलोया की गोशाला के संचालन व रखरखाव के लिए प्रस्ताव मांगने की मंजूरी दी।
खुड्डालाहौरा व खुड्डाअलीशेर में बनी टेलीफोन एक्सचेंज को प्रतिमाह 42,159 रुपये किराये पर देने के लिए सहमति दी गई। कमेटी ने नगर निगम व आरएलए की बिल्डिंग में कैंटीन के लिए ई-टेंडर करने के प्रस्ताव को भी पास कर दिया। खुड्डालाहौरा में बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए सीवरेज पाइपलाइन डालने के लिए 25.15 लाख के कार्य की स्वीकृति मिली है। एमओएच व अतिक्रमण हटाओ दस्ते के 9 वाहनों की भी रिजर्व प्राइज तय करने के लिए स्वीकृति दी गई। कमेटी ने सेक्टर-41 स्थित मछली मार्केट व मीट मार्केट के 33 बूथों के नियम व शर्तों के साथ लाइसेंस शुल्क में संशोधन करने को कहा गया। साथ ही उनको किराये पर देने को कहा। गोशाला के पशुओं के लिए 25.55 लाख रुपये में चोकर खरीदने की मंजूरी दी गई। सेक्टर-15 स्थित चंडीगढ़ वाशरमैन वर्कशॉप कोऑपरेटिव इंडस्ट्रियल सोसाइटी लिमिटेड की लाइसेंस फीस में 10 प्रतिशत वृद्धि कर लाइसेंस रिन्यू करने को कहा गया। मलोया गांव में 44.85 लाख रुपये से फिरनी रोड व गोशाला की एप्रोच रोड बनाने को कहा गया। कचरा निस्तारण प्लांट व मोटर गैरेज में 16 सुरक्षाकर्मी और 3 पर्यवेक्षक को लगाने के लिए अनुमति दी गई। 46.13 लाख रुपये से मलोया स्थित श्मशानघाट की बाउंड्रीवाल, टीनशेड व पेवर ब्लॉक लगाने की स्वीकृति दी गई। सेक्टर-31 स्थित जापानी गार्डन में खाली पड़े बूथों को वेरका, वीटा या अमूल को देने का प्रस्ताव भी कमेटी ने पास कर दिया। वहीं, मनीमाजरा स्थित शिवालिक गार्डन के बूथों को भी किराये पर देने को कहा गया। इस मौके पर कमेटी के सदस्य चंद्रवती शुक्ला, राजेश गुप्ता, रविंदर कौर गुजराल, विनोद अग्रवाल, निगम आयुक्त केके यादव, अतिरिक्त आयुक्त तिलकराज, संयुक्त आयुक्त सौरभ अरोड़ा, चीफ इंजीनियर शैलेंद्र सिंह, एसई केपी सिंह, संजय अरोड़ा मौजूद रहे।
पीजीआई में स्ट्रीट वेंडरों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
बैठक में निगम स्ट्रीट वेंडरों को पीजीआई के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ से प्रशिक्षण देने का एजेंडा भी लेकर आया। इससे पहले फेज में पीजीआई ने वेंडरों को प्रशिक्षण दिया था। इसमें वेंडरों को साफ सफाई व खाने में सावधानी बरतने के बारे में बताया गया। इसी तर्ज पर निगम पीजीआई के साथ 49.40 लाख रुपये में अनुबंध करेगा। उसके बाद वेंडरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
3 गांवों के तालाबों का होगा कायाकल्प
निगम 48.94 लाख रुपये से कैंबवाला, सारंगपुर व खुड्डा अलीशेर के तालाब की कायाकल्प करने जा रहा है। इससे पहले भी जल संरक्षण अभियान के तहत निगम की गांवों के तालाबों को संरक्षण करने की योजना थी, हालांकि किन्हीं कारणों से योजना परवान नहीं चढ़ सकी। निगम फिर से इस योजना को शुरू करने की तैयारी में है।