चंडीगढ़। हरियाणा के कई उच्च और वरिष्ठ राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छ जल नहीं मिल रहा है। ऐसी शिकायत मिलने के बाद शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। कहा कि सभी जिले रिपोर्ट दें कि किस स्कूल में स्वच्छ पानी की व्यवस्था नहीं है या फिर आरओ और वॉटर कूलर नहीं है। बाकायदा यह रिपोर्ट एक प्रोफार्मा में दी जानी है। जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के बाद स्कूलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का खाका तैयार किया जाएगा। गौर हो कि स्कूलों की खराब स्थिति टॉयलेट और पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने के चलते पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को फटकार लगाई थी। इसके बाद हरियाणा सरकार ने शपथ पत्र देकर कहा था कि जल्द सभी सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।