जींद के जुलाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात दो युवकों ने घर में सो रही 12वीं की छात्रा का अपहरण कर खेत में बने कोठड़े में ले जाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। मौके पर पहले से ही मौजूद चार अन्य युवकों ने भी नाबालिग से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपियों ने नाबालिग के मुंह में कपड़ा ठूंसा और हाथ-पांव बांधकर गांव के पास तालाब में फेंक दिया। लड़की की तलाश में निकले परिजनों ने उसे तालाब में फेंकते हुए देख लिया और उसे निकाल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दुष्कर्म, अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल में गैंगरेप की पुष्टि हो गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में 12वीं कक्षा की छात्रा ने बताया कि, शुक्रवार रात उसने अपनी मां के हाथों में मेहंदी लगाई और रात 11:00 बजे अपने कमरे में सोने चली गई। कुछ देर बाद उसके कमरे में गांव के ही दो युवक छत के रास्ते घुस आए। आरोपी बाइक पर उसका अपहरण कर खेत में बने एक कोठड़े में ले गए। वहां पहले से ही चार अन्य युवक मौजूद थे। अपहरण करने वाले दोनों युवकों ने उससे दुष्कर्म किया। चार अन्य युवकों ने छेड़छाड़ की और दुष्कर्म की कोशिश की ।
जब उसने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पांव बांध दिए। खेतों की रखवाली कर रहे कुछ लोग कोठड़े की ओर आ रहे थे। आरोपी रात 1:00 बजे उसे बाइक पर बैठाकर गांव के तालाब के पास लाए और तालाब में धक्का दे दिया। तभी उसकी तलाश में निकले परिजनों में से ताऊ के बेटे ने देख लिया। उसने शोर मचाया तो आरोपी भाग गए। परिजनों ने मौके पर पहुंच उसे तालाब से निकाला।
केस दर्ज कर 6 को किया गिरफ्तार
छात्रा की शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ धारा 363, 10 पोस्को, 307, 341, 342 और 363 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया है। युवकों से पूछताछ की जा रही है।
- पुष्पा खत्री, डीएसपी