फेज-3बी2 स्थित जिला शिरोमणि अकाली दफ्तर के बाहर उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कुछ युवक वहां पहुंचकर हंगामा और तोड़फोड़ करने लगे। एक एसयूवी कार इस हंगामें की भेंट चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को राउंडअप कर बाकियों की तलाश शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब सिंह नाम के एक युवक ने बताया कि अकाली दफ्तर के अंदर जिला शहरी प्रधान परमजीत सिंह काहलों का जन्मदिन मनाया जा रहा था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और हंगामें के साथ तोड़फोड़ शुरु कर दी। इस दौरान कुछ युवक अंदर मौजूद लोगों को बाहर बुलाने के लिए जोर-जोर से पुकारने लगे। पंजाब सिंह ने बताया कि वह जैसे ही दफ्तर के बाहर आया पांच-छह युवकों ने उसपर हमला कर दिया। मदद के लिए चिल्लाने पर आस पास के लोग वहां पहुंच गए इस दौरान सभी हमलावर मौका देखते ही फरार हो गए।