सीएम ने की एक करोड़ देने की घोषणा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होमगार्ड जसपाल सिंह की मौत पर परिवार से गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जवान ने अपना फर्ज निभाया। सरकार परिवार को आर्थिक मदद के तौर पर एक करोड़ रुपये देगी। इसके अलावा एक करोड़ रुपये बीमा के अलग से दिए जाएंगे। होमगार्ड जसपाल सिंह (50) का उनके गांव मनियाला में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। डीजीपी अर्पित शुक्ला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शहीद जसपाल सिंह के एक बेटे को पंजाब पुलिस में नौकरी दी जाएगी और दूसरे को भी रोजगार दिया जाएगा।
यह है मामला
एसएसपी कपूरथला वत्सला गुप्ता ने बताया कि कई सालों से गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के सामने बाबा बुड्ढा दल 96 करोड़ी संत बलबीर सिंह सिंह का कब्जा चला आ रहा था, जिनकी ओर से अपने दो सेवादारों को गुरुद्वारा अकाल बुंगा में बिठाया हुआ था, जिनका नाम निरवैर सिंह और जगजीत सिंह है।
21 नवंबर सुबह साढ़े आठ बजे बाबा बुड्ढा दल के अलग हुए गुट के मुखी संत बाबा मान सिंह अपने 15-20 साथियों के साथ गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब में जबरन दाखिल हो गए और निरवैर सिंह को रस्सियों से बांध लिया और जगजीत सिंह पर हथियारों से वार असलहा, मोबाइल व पैसे छीनकर गुरुद्वारा साहिब पर कब्जा कर लिया।
जगजीत सिंह के बयान पर बाबा मान सिंह और उनके 15-20 साथियों पर थाना सुल्तानपुर लोधी में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को निहंग सिंह मान सिंह के 10 सेवादार निहंग सिंहों की ओर से बाबा बलबीर सिंह के दूसरे डेरे गांव बूसोवाल रोड के समीप पीर गेब पर कब्जा करने की कोशिश की गई। इस पर पुलिस को सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर उक्त 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 15 मई 2020 को दोनों गुटों में हुइ झड़प में कत्ल समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज केस में वांछित आरोपी भी शामिल हैं।