कबाड़ी का काम करने वाले माता-पिता की बेटी और वुशू की खिलाड़ी कोमल को नॉर्थ जोन खेलो इंडिया महिला वुशू लीग के लिए ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। मंगलवार से नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स पटियाला में ली स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से शुरू होने जा रही है। इस लीग में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। यह लीग 9 से 12 जुलाई तक खेली जाएगी। इसमें अलग-अलग वर्गों के विजेता खिलाड़ियों के बीच खेल मंत्रालय और भारतीय वुशू फेडरेशन की तरफ से 7.2 लाख रुपये की ईनामी राशि बांटी जाएगी।
चंडीगढ़ वुशू एसोसिएशन के सचिव सुदर्शन कुमार ने बताया कि यह हमारे और शहर के लिए गर्व की बात है कि कोमल को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है, जो इस महिला लीग में खुद भाग ले रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि सब-जूनियर, जूनियर व सीनियर गर्ल्स टीम के लगभग 65 खिलाड़ी चंडीगढ़ से भाग ले रहे हैं।
कोच की मदद से किया मुकाम हासिल : कोमल के पापा और मां सुंदर नगर मौलीजांगरा में कबाड़ी की दुकान चलाते हैं। बहुत मेहनत करके वें कोमल की डाइट को पूरा करते। इससे पहले कोमल का परिवार कॉलोनी-4 में रहता था। कोमल ने बताया कि वह सेल्फ डिफेंस के लिए स्कूल में जब 14 साल की थी तो उसने वुशू के खेल को सीखना शुरू कर दिया। कई बार टूर्नामेंट के दौरान उसके पास डाइट के लिए रुपये नहीं होते थे लेकिन कोच संदीप मलिक व सचिव सुदर्शन कुमार ने मेरी बहुत मदद की। इस कारण मैं इस मुकाम पर पहुंच सकी। इसके बाद इंटरनेशनल व नेशनल स्तर पर कई पदक जीते। कोमल ने कहा कि खेलो इंडिया महिला लीग हमें अपने प्रदर्शन का आंकलन करके, खेल की खामियों को समझने और उनपर काम करने के लिए एक अच्छा अवसर प्रदान करती है।