पिहोवा में नशीला पदार्थ अधिनियम के तहत आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची सीआईए-2 की टीम के साथ मारपीट कर कुछ लोगों ने एएसआई के कपडे़ भी फाड़ दिए।
पुलिस ने इस बारे में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सीआईए-टू की टीम डेरा बाजीगर में छापामारी कर नशीला पदार्थ अधिनियम के तहत आरोपी व्यक्ति को दबोचने पहुंची थी। जहां पुलिस को आठ किलो चूरापोस्त मिला और एक व्यक्ति को काबू किया।
इसी व्यक्ति को छुड़ाने के लिए कुछ ग्रामीणों ने टीम को घेरकर उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान टीम में शामिल एएसआई के कपडे़ फट गए।
उसे चोट भी आने की बात भी कही जा रही है। वहीं पुलिस में दर्ज शिकायत में सीआईए-टू के एएसआई रोहताश ने कहा कि वे ढांड रोड पर टी-प्वाइंट के पास गश्त पर थे।
तभी उन्हें सूचना मिली कि एक इंडिका कार में चूरापोस्त लाया जा रहा है। जब उन्होेंने कार रोककर तलाशी तो उसमें बैठे चालक गलेडवा निवासी प्रताप से 5 किलो भुक्की बरामद हुई।
पूछताछ पर प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ देर पहले वह डेरा बाजीगर में हरभजन सिंह के मकान में 20-20 किलो के चूरापोस्त के दो थैले छोड़कर आया है।
जब पुलिस हरभजन सिंह के घर पहुंची तो वहां उसका रिश्तेदार ओमप्रकाश मिला जिसके पास से 8 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ।
पूछताछ में पता चला कि शेष चूरापोस्त को हरभजन बेचने गया है। लेकिन तभी वहां गांव के लोग एकत्रित हो गए और ओमप्रकाश को छोड़ने की जिद करते हुए टीम पर हमला कर दिया।
इस दौरान एएसआई रमेश के कपडे़ फट गए और उसे चोट भी आई। शिकायत पर पुलिस ने हमला करने के आरोप में सुखदेव, परमजीत, गुरमीत, जीती, हरभजन सिंह, सीमा देवी, बिट्टू, निक्का, जस्सा, मितो देवी, रंगो देवी, विद्या, खानो सहित 15 से 20 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।