चंडीगढ़। चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (सीसीपीसीआर) ने बाल देखभाल संस्थानों (सीसीआई) में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीपीसीआर अध्यक्ष शिप्रा बंसल ने जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधियों की एक टीम के साथ, लड़कियों के स्नेहालय, राज्य दत्तक ग्रहण एजेंसी (एसएए) सेक्टर-15, लड़कों के लिए निरीक्षण गृह, लड़कों के लिए विशेष घर और सुरक्षा स्थान, सेक्टर-25 का दौरा किया। इस दौरान दानदाताओं के रिकॉर्ड का निरीक्षण भी किया गया। संबंधित कर्मचारियों और दानदाताओं के लिए नियमों और विनियमों का उल्लेख करने वाले बोर्ड प्रदर्शित करने की भी सलाह दी गई। टीम ने सीसीआई के सभी शयनगृह, शौचालय, भोजन क्षेत्र, स्टोर रूम, चिकित्सा कक्ष, खेल क्षेत्र और बहुउद्देशीय हॉल का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान कुछ विसंगतियां पाई गईं।सीसीआई के परामर्शदाताओं को निर्देश दिए गए कि बच्चों को नियमित व्यक्तिगत और समूह परामर्श दें। एसएए में अनाथ और आत्मसमर्पण करने वाले बच्चों की गोद लेने की स्थिति के बारे में पूछा गया और अधिकारियों को गोद लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए किया। अध्यक्ष शिप्रा बंसल ने सीसीआई में मौजूद बच्चों से बातचीत की और उन्हें अच्छी आदतें और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।