अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली की ओर से अर्थशास्त्र में डॉक्टर ऑफ फिलॉस्फी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है। उनके अलावा प्रदेश के पूर्व विशेष मुख्य सचिव सुनील कुमार गुलाटी ने 63 साल की उम्र में शनिवार को पीएचडी की डिग्री हासिल की। डॉ. प्रसाद ने फैक्टर शेयर बदलने वाली प्रतिस्थापन की लोच के साथ पूंजी आवंटन का मूल्यांकन विषय पर अपने शोध कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। आईआईटी दिल्ली के 55वें दीक्षांत समारोह में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुनील कुमार गुलाटी सबसे अधिक उम्र के डिग्री लेने वाले उम्मीदवारों की सूची में शामिल हुए। मूलरूप से आगरा के रहने वाले हरियाणा कैडर के आईएएस गुलाटी वर्तमान में गुरुग्राम में रहते हैं। समारोह में 2526 छात्रों को डिग्री और डिप्लोमा देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह है कि पीएचडी में 481 उम्मीदवारों को अवार्ड मिला है। यह आज तक का सबसे अधिक आंकड़ा है।