पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब कांग्रेस में अपने सभी साथियों को पार्टी के चुनाव मेनिफेस्टो में लोगों के साथ किये वादों को मूर्त रूप देने के लिए प्रयास करने की अपील की है। साथ ही अपील की है कि वे खुद ही अपने वाहनों से लाल बत्तियां हटाकर बाकियों के लिए मिसाल पेश करें। शनिवार को जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के सभी सदस्यों को मैनिफेस्टो पर अमल करते हुए लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों के रूप में यह हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि न केवल हम अपने वादे पूरे करें, बल्कि वादों पर पूरी तरह खरा उतरने की भावना के अनुसार आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने सभी कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों की प्रशंसा करते हुए कहा है कि शुक्रवार को विधानसभा में लाल बत्ती रहित कारों से पहुंचने पर जनता की ओर से प्रशंसा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने हमारी ओर से किए गए वायदों पर खरा उतरने की योग्यता और भरोसे के कारण ही वोटें डाली हैं।
वोटरों की आशाओं पर खरा उतरने की दिशा में वीआईपी कल्चर खत्म करने का निर्णय बेहद छोटा कदम है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी लीडर पंजाब के हित में एक साहसी कदम उठाने में समर्थ है, जो वीआईपी कल्चर को लोगों से अलग व दूर होने के नजरिये से देखते हैं।