पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को एलान किया कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की मंजूरी मिलने पर पंजाब में वैक्सीन का पहला टीका सबसे पहले वह खुद लगवाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह एलान वर्चुअल कैबिनेट मीटिंग के दौरान किया। मंत्रिमंडल बैठक में कोविड की स्थिति और वैक्सीन के लिए प्रदेश की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
कैप्टन के बाद पंजाब में एक लाख 25 हजार स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को टीकाकरण की तैयारियों को लेकर मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई थी। बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में सबसे पहले खुद कोरोना का टीका लगवाने की घोषणा की।
पहले चरण में इनका होगा टीकाकरण
पंजाब सरकार ने राज्य की तीन करोड़ आबादी में से 23 फीसदी यानी 70 लाख लोगों को प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण की योजना बनाई है। इनमें बुजुर्ग, स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन कोरोना योद्धा और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोग शामिल हैं। इस बारे में स्वास्थ्य सचिव हुस्न लाल ने बताया कि सरकारी और निजी क्षेत्र के एक लाख 25 हजार स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा तैयार है। इन सभी लोगों का पहले चरण में टीकाकरण किया जाएगा।