बरसात से हुए नुकसान के बाद निर्माण कार्य का जायजा लेते अधिकारी।
चंडीगढ़। इंजीनियरिंग विभाग और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत और राहत कार्यों का जायजा लिया जा रहा है। हाल ही में 9 और 10 जुलाई को हुई भारी बारिश से हुई क्षति को लेकर बुधवार को चीफ इंजीनियर सीबी ओझा और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बापूधाम रोड, रूट नंबर-2, किशनगढ़ कॉजवे और माखन माजरा ब्रिज क्रॉसिंग का दौरा किया। अधिकारियों ने सड़कों की मरम्मत के बाद उनके प्रभावी कामकाज का आकलन किया और यातायात बहाली के प्रयासों में की जा रही प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान इंजीनियरिंग विभाग के सड़क विंग की ओर से किए गए मरम्मत कार्य के बाद तीन प्रमुख सड़कें आम जनता के लिए खोल दी गई हैं। इस आपदा के कारण सुखना चो पर मक्खन माजरा क्रॉसिंग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। सीबी ओझा ने इस स्थान पर पुल के मरम्मत कार्य को अतिरिक्त जनशक्ति एवं संसाधन लगाकर हर हाल में आज ही पूरा करवाने के निर्देश दिए, ताकि वीरवार तक इस सड़क को खोला जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चंडीगढ़ के अधिकार क्षेत्र में आने वाली विभिन्न सड़कों की निगरानी करके दैनिक आधार पर पैच वर्क और मरम्मत कार्य करवाने का भी निर्देश दिया।