चंडीगढ़। नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने बुधवार को विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और फील्ड में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
चीफ इंजीनियर ने वार्ड नंबर-7, 8, 11, 24, 25 और 26 के पार्षदों तथा इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सड़कों, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की पानी, सीवर, सड़क और स्ट्रीट लाइट संबंधी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
संजय अरोड़ा ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने और तय समय में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्डवार समीक्षा से विकास कार्यों की निगरानी बेहतर होती है, निर्णय तेजी से लिए जा सकते हैं और लोगों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। साथ ही इंजीनियरों को जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।