लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन बुधवार को व्रतियों ने दिन भर उपवास रहने के बाद शाम को खरना किया। वीरवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य का अर्घ्य देंगे। खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटों का निर्जला उपवास शुरू हो गया। शुक्रवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पर्व संपन्न हो जाएगा। बुधवार को व्रतियों ने पूरे दिन उपवास रखकर शाम में खीर और रोटी का प्रसाद बनाया। संध्या पूजा के बाद व्रतियों ने पहले प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रोशनी से नहाई न्यू लेक
न्यू लेक को जगमग रोशनी से सजाया गया है। पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह और महासचिव डीके सिंह ने बताया कि सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक पर भव्य आयोजन होगा। एसोसिएशन की ओर से लेक को सजाया गया है।
बड़ी संख्या में व्रती अपने परिवार के साथ यहां पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि पूजा के अवसर पर न्यू लेक पर हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कई वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा राजनीतिक हस्तियां जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, सांसद किरण खेर, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, एडिशनल सॉलिसिटर और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होंगे।