छतबीड़ जू में छोटे बच्चों के लिए चिल्ड्रेन क्लब बनेगा और इसका फायदा बच्चों को मिलेगा। इसके लिए जू प्रशासन ने एक चिल्ड्रेन स्कूल क्लब ऐप बनाया है। इस क्लब में शामिल होने के लिए पहले स्कूल प्रबंधन को छतबीड़ जू की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
वेबसाइट के माध्यम से रजिस्टर होते ही स्कूली बच्चों की एंट्री फीस आधी हो जाएगी। इसके बाद स्कूली बच्चों को 20 की बजाय 10 रुपये एंट्री फीस देने होगी। बता दें कि साल में एक बार हर स्कूल को छतबीड़ जू की ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा। एक माह में एक स्कूल के 75 स्टूडेंट्स ही जू में जा सकेंगे।
रजिस्ट्रेशन फीस के एवज में जू प्रशासन बच्चों को देगा सामान
छतबीड़ जू की वेबसाइट पर चिल्ड्रेन स्कूल ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन के लिए जू प्रशासन की ओर से फीस 1000 रुपये रखी गई है। इस फीस के बदले जू प्रशासन की ओर से उतनी ही कीमत का सामान मुहैया करवाया जाएगा। इसमें टी-शर्ट व वन्य जीवों से जुड़ी अन्य सामान शामिल होंगे।
वहीं जो स्कूल रजिस्ट्रेशन करवाएंगे, उन्हें जू प्रबंधन को 10-15 वॉलंटियर्स विद्यार्थी देने होंगे जिन्हें जू प्रशासन वातावरण संभालने व वन्य जीवों की ट्रेनिंग देगा। जू एजुकेशन ऑफिसर हरपाल सिंह ने बताया कि चिल्ड्रेन क्लब मेंबर स्कूल को छतबीड़ जू में आने से पहले जू प्रबंधन को आवेदन देना होगा। इसकी तारीख जू प्रबंधन निर्धारित करेगा। एक दिन में 75-75 बैच के दो स्कूलों को ही अनुमति दी जाएगी।
गाइड भी मिलेगा, पर्यावरण संबंधी फिल्म भी दिखाई जाएगी
छतबीड़ जू में पहुंचने वाले बच्चों को जू प्रबंधन की ओर से एक गाइड मुहैया करवाया जाएगा। वह बच्चों को अलग-अलग जानवरों के बाड़ों में ले जाकर उन्हें जानवरों की विस्तृत जानकारी देगा और उनकी आदतों से बच्चों को रूबरू करवाने के साथ ही उनके रहन-सहन की भी बच्चों को जानकारी देगा। इसके बाद इनफॉर्मेशन सेंटर में बच्चों को जंगली जीवों व पर्यावरण के संबंध में फिल्म दिखाई जाएगी।