चंडीगढ़। कोरोना वायरस के खौफ को लेकर बाजार में हो रही मास्क और सेनेटाइजर की कालाबाजारी को रोकने के लिए बनाई गई टीम ने दूसरे दिन शनिवार को भी अलग-अलग सेक्टरों में ताबड़तोड़ छापे मारे। इस दौरान कुछ दुकान वाले कार्रवाई के डर से दुकान बंद कर भाग निकले। साउथ टीम ने सेक्टर 37, 38 और 42 में 21 मेडिकल शॉप पर जांच की। इन सभी दुकानों पर मास्क और सेनेटाइजर की खरीद-बिक्री संबंधी रिकार्ड गड़बड़ मिले। पहले दिन सेक्टर 32 और 45 में आठ दुकानों पर जांच की गई थी, जहां सभी पर बिल वाउचर में गड़बड़ी मिली थी।
साउथ टीम में शामिल ड्रग इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि सेक्टर 37 में जांच के दौरान सूचना मिली कि कुछ दुकान वाले अपनी दुकान का शटर बंद कर गायब हो गए। उन दुकानों के नाम नोट कर लिए गए हैं। जांच के क्रम में अगली बार उनकी रिपोर्ट ली जाएगी। दूसरे दिन भी टीम ने गड़बड़ी मिलने वाले दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट कंपाइल कर डायरेक्टर हेल्थ को दे दी जाएगी। उनके निर्देशानुसार सोमवार को नोटिस दिया जाएगा।
एसडीएम ईस्ट ने की चेकिंग
एसडीएम ईस्ट सुधांशु गौतम ने टीम के साथ मनीमाजरा में डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां चेकिंग की। यहां पर उन्होंने जेके सर्जिकल, रेनम एंटरप्राइजेज, सेनराई इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित इन डिस्ट्रिब्यूटर के यहां चेकिंग की। यहां पर एन-95 मास्क आते हैं। एसडीएम ने कहा कि इंसानियत के नाते, कालाबाजारी न करें। टीम को सूचना मिली है कि कुछ डिस्ट्रीब्यूटर कालाबाजारी कर रहे हैं। हालांकि जिनके यहां चेकिंग हुई वहां पर कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।