चंडीगढ़। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने का झांसा देने और उनसे लाखों की ठगी के मामले में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खरड़ के शिवालिक एवेन्यू निवासी मनप्रीत सिंह बराड़ (50), रविंदर सिंह उर्फ रवि साब (25) और पलसौरा निवासी ज्योति मेहरा (32) के रूप में हुई है।
फिरोजपुर निवासी 40 वर्षीय दलबीर सिंह की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में 14 अक्तूबर को मामला दर्ज किया गया था। ज्योति मेहरा को धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में भी गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 9 अगस्त 2023 को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता दलबीर ने सेक्टर-17 स्थित बीबी काउंसिल के मनप्रीत सिंह बराड़, रविंदर सिंह, पुष्पिंदर कौर और ज्योति मेहरा के खिलाफ एसएसपी को शिकायत दी थी। बता दें कि बीबी काउंसिल के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में कुछ अन्य शिकायतें भी आईं थी, जिन पर एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ में जुटी है।
शिकायतकर्ता दलबीर सिंह ने कहा था कि उनका बेटा कनाडा में स्टडी वीजा लगवाना चाहता था। बीबी काउंसिल ने उनके बेटे को विदेश भेजने का झांसा देकर 6 लाख रुपये की ठगी कर ली। उनके बेटे के आईलेट्स में 6.5 बैंड आए थे। लगभग एक वर्ष पहले फेसबुक पर उन्होंने बीबी काउंसिल का विज्ञापन देखा था। वहीं आरोपी शिक्षा संबंधी ऋण दिलवाने का विज्ञापन भी दे रहे थे। फोन पर बात करने के बाद शिकायतकर्ता ने सेक्टर-17 में बीबी काउंसिल में संपर्क किया।
आरोपियों के कहने पर वह बेटे के दस्तावेज लेकर चंडीगढ़ पहुंचे। शिकायकर्ता को फंसाने के लिए आरोपियों ने कई वादे किए गए, जिनमें बेटे की हवाई टिकट करवाने का वादा भी था। शिकायतकर्ता से खाली चेक लेकर उनसे और उनके बेटे से स्टांप पेपर्स पर दस्तखत करवाए गए। शिकायतकर्ता को कहा गया कि उनका सिबिल स्कोर खराब है और हर महीने 50 हजार रुपये देंगे तो वह ठीक हो जाएगा। इससे उनके बेटे को शिक्षा ऋण भी मिल जाएगा। काफी रकम जमा करवाने के बाद भी और रकम की मांग की गई। शिकायतकर्ता मजबूर था और गहने गिरवी रखकर और भाई से कुछ रकम लेकर यह पैसे आरोपियों को भरे। हालांकि न तो रकम वापस की और न ही वीजा लगवाया गया।