चंडीगढ़। विदेशी नंबर से फोन कर सेक्टर-28सी निवासी नरेंद्र मोर को रिश्ते में मौसी का लड़का बताकर एजेंट के जरिए 3.20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में पता चला कि उसके साथ फर्जीवाड़ा हुआ है। इस मामले में साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता नरेंद्र मोर ने बताया कि कुछ दिन पहले अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने कहा कि वह न्यूजीलैंड से उनकी मौसी का लड़का बोल रहा है। ठग ने पहले परिवार का हाल-चाल पूछा फिर बोला कि पासपोर्ट रिन्यू करवाने के लिए चार लाख रुपये की जरूरत है। वह यह पैसे बाद में उसके खाते में ट्रांसफर करवा देगा। उन्होंने भरोसा कर लिया और उसकी ओर से बताए एजेंट के खाते में अलग-अलग किस्तों में 3.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो पुलिस को शिकायत दी।