माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने बुधवार को कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ के जरिए सेक्टर-52 और 56 की टीन शेड कॉलोनी में रहने वाले 416 परिवारों को मलोया में स्मॉल फ्लैट आवंटित किए। ड्रा के दौरान सीएचबी में ज्यादा लोग एकत्रित न हो, इसलिए इस ड्रा को यूट्यूब पर लाइव दिखाया गया।
ड्रा में 13 आवेदनकर्ता दिव्यांग श्रेणी के थे, जिनका ड्रॉ अलग निकाला गया और उन सभी को ग्राउंड फ्लोर पर मकान आवंटित किए गए। इस ड्रा का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब पर किया गया, ताकि लोग अपने घरों में बैठकर ड्रॉ को देख सकें। इसके अलावा एक डिस्प्ले वैन के जरिए सेक्टर-52 और सेक्टर-56 की टीन कॉलोनी में लोगों को ड्रॉ का सीधा प्रसारण दिखाया गया। नतीजों को सीएचबी ने अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया है। जिन लोगों को मकान आवंटित हुए हैं, उन्हें अब शुक्रवार को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड परिसर में अलॉटमेंट लेटर दिए जाएंगे। हाउसिंग बोर्ड ने लोगों से आग्रह किया है कि वह शुक्रवार को 4000 रुपये जमा करने पर मिली पर्ची और आधार कार्ड लेकर पहुंचें। एक समय पर ज्यादा लोगों की भीड़ एकत्रित न हो, इसलिए प्री फैब नंबर के अनुसार लोगों को समय दिया गया है।
जो नहीं जमा करा पाए फॉर्म, सीएचबी ने दिया आखिरी मौका
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने उन लोगों को भी एक आखिरी मौका दिया है, जिनका नाम बोर्ड द्वारा जारी सर्वे की सूची में है और उन्होंने आवेदन फॉर्म लिया था, लेकिन किसी कारण वश वह उस फॉर्म को जमा नहीं कर पाए। ऐसे लोग सोमवार को सुबह 10 से 11 बजे के अपने सभी दस्तावेजों के साथ फॉर्म को जमा करा सकेंगे। इसके बाद लोगों को मकान की चाबी देने की प्रक्रिया 8 दिसंबर से शुरू की जाएगी। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड ने मलोया के मकान नंबर-2219 और 2220 में पजेशन ऑफिस बनाया है। यहां पर लोगों के सभी दस्तावेजों की जांच कर मकानों की चाबी सौंपी जाएगी। मकान की चाबी देने के बाद लोगों को 3 दिन का समय दिया जाएगा, ताकि वह अपने पुराने घर को खाली कर सकें। गौरतलब है कि अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग कांप्लेक्स योजना के अंदर ही टीन शेड कॉलोनी के लोगों को मलोया में फ्लैट्स दिए जा रहे हैं। लोगों को यहां रहने के लिए हर महीने 3000 रुपये किराया देना होगा।