चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने फ्री होल्ड आवासीय और लीज होल्ड व्यावसायिक की कुल 153 संपत्तियों को बेचने के लिए ई-टेंडर किया था। बोर्ड 58 में से सिर्फ 10 आवासीय और 95 में से 3 व्यावसायिक संपत्तियों को ही बेच पाया है।
लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्तियों में लोगों ने अधिक रुचि नहीं दिखाई। बुधवार को सीएचबी ने 153 संपत्तियों को बेचने के लिए जारी किए गए टेंडर की बोली खोली। इन संपत्तियों का कुल आरक्षित मूल्य 5.92 करोड़ रुपये था, जिनको बेचने से सीएचबी को 6.72 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसमें सेक्टर-63 का थ्री बेडरूम फ्लैट 1.36 करोड़ रुपये में बिका है। इसका आरक्षित मूल्य 1.07 करोड़ रुपये था। वहीं, सेक्टर-63 का एक टू बेडरूम फ्लैट 81.56 लाख और दूसरा 75.75 लाख रुपये में बिका है। इनका आरक्षित मूल्य 72.56 लाख रुपये था। सीएचबी के अधिकारियों ने बताया कि इस नीलामी में जो संपत्तियां बाकी रह गई हैं, उन्हें जल्द ही दोबारा नीलामी के लिए रखा जाएगा। बता दें कि बोर्ड पहले ई-नीलामी के जरिए आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी करता था, लेकिन बेहतर प्रस्तावों और गोपनीयता को बरकरार रखने के लिए टेंडरिंग का सहारा ले रहा है।
16 नवंबर तक जमा करानी होगी 25 फीसदी राशि
इन संपत्तियों के लिए सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदाता को 16 नवंबर तक 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। अगर बोलीदाता द्वारा तय समय के अंदर इसका भुगतान नहीं किया जाता है तो बोर्ड की तरफ से ईएमडी (बयाना राशि) जब्त कर ली जाएगी और बोलीदाता को सीएचबी की किसी भी संपत्ति के लिए बोली लगाने से ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।