चंडीगढ़। पीजीआई में दाखिल महिला को जहरीला इंजेक्शन लगाने के मामले में सेक्टर-11 थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। इन आरोपियों में जसमीत सिंह, उसके रिश्तेदार बूटा सिंह, मंदीप सिंह और इंजेक्शन लगाने वाली युवती जसप्रीत कौर शामिल हैं। ये चाराें बुड़ैल जेल में बंद हैं। जसमीत सिंह मृतक हरमीत काैर का भाई है। उसी ने अपनी बहन को मरवाने के लिए साजिश रचकर जसप्रीत कौर को नर्स बनाकर पीजीआई में भेजा था।
पुलिस ने आरोप पत्र में पटियाला के राजपुरा की रहने वाली हरमीत कौर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पीजीआई की डेथ समरी और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (सीएफएसएल) की जांच रिपोर्ट भी शामिल की है। इन रिपोर्ट से पता चला है कि जहरीला इंजेक्शन लगने से हरमीत के लिवर, किडनी और अन्य अंग बुरी तरह संक्रमित हो गए थे और अचानक सेप्टिक शॉक से उसकी मौत हो गई। हरमीत के पेट, आंत, लिवर, गॉल ब्लैडर, फेफड़े, किडनी और खून के सैंपल लिए गए थे। जिनकी जांच के बाद 7 फरवरी 2024 को सीएफएसएल ने पुलिस काे रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने अदालत में फाइनल रिपोर्ट पेश की।