ट्राइसिटी में सर्दी ने इस बार दिसंबर की शुरुआत से ही जोर पकड़ लिया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरते तापमान ने लोगों को कंपकंपा दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान तेजी से गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है। अचानक आई इस तेज ठंड ने सुबह से रात तक लोगों को भारी ऊनी कपड़ों में रहने पर मजबूर कर दिया है।
सुबह और शाम ठंडक का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। ठंडी हवा के चलते कई लोगों ने जल्दी घर से बाहर निकलना कम कर दिया है। इसका असर शहर के प्रमुख पार्कों-सुखना लेक, रोज गार्डन और सेक्टर-8 व सेक्टर-10 के गार्डन पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां रोजाना टहलने वालों की संख्या घट गई है। कई लोग अब अपनी वॉक का समय बदलकर दोपहर में कर रहे हैं, जब धूप कुछ राहत देती है।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। उनके अनुसार, 15 दिसंबर तक पारा 5 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे जा सकता है। दिसंबर में शहर का औसत दिन का तापमान 22 डिग्री रहता है, लेकिन अनुमान है कि इस बार सामान्य से कम रहेगा।