माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर के सरकारी स्कूलों में सोमवार से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो गई है। अभी कक्षा नौंवीं, दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थी ही स्कूल आ रहे है। स्कूल खुलने के पहले ही दिन सुबह तेज बारिश हो गई, जिसके कारण कम विद्यार्थी ही स्कूल पहुंच पाए।स्कूलों से मिली जानकारी के अनुसार किसी स्कूल में तीनों कक्षाओं के चार तो किसी स्कूल में लगभग 40 विद्यार्थी पहुंचे है।
शिक्षकों ने गेट पर विद्यार्थियों का अभिभावकों की ओर से हस्ताक्षर किया हुआ अनुमति पत्र देखा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के हाथ सैनेटाइज करवाने के साथ तापमान की जांच की गई। विद्यार्थियों की साढ़े 8 बजे से एक बजे तक कक्षाएं लगेगी। शिक्षक सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 2 तक स्कूल में मौजूद रहेंगे। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, हर रोज कमरों को सैनेटाइज करवाया जाएगा। विद्यार्थियों के स्कूल आने और छुट्टी के समय मुख्य गेट पर शिक्षक को भी निगरानी के लिए तैनात किया जाएगा। हर विद्यार्थी को मास्क पहनने के साथ स्कूल और कक्षाओं में सामाजिक दूरी बनाकर रखनी होगी।